जागृति प्रोजेक्ट — प्रगति, चुनौतियाँ और आगे की राह

Ved

मई, 2026 |

प्रिय साथियों,

हमारे लिए जागृति प्रोजेक्ट को स्थापित करना व बाज़ार को कुछ अलग उत्पाद प्रदान करना अति आवश्यक है। हमें इस दिशा में पूरी ऊर्जा और शक्ति न्योछावर करनी होगी।

हमने प्रोजेक्ट का आग़ाज़ इस सोच से किया था कि हम फ्लेक्सिबल पैकेजिंग बना कर दुनिया में बदलाव ला पाएंगे। इस दिशा में अभी भी कार्य बाकी है। हमें अभी कई प्रयोग करने होंगे जिससे कि हम सही मायने में पूरी तरह पैकेज किए हुए पदार्थों को सुरक्षा दे पाएं। हमें अपनी R&D में गति लानी होगी और सहयोग द्वारा इस दिशा में सफल होना होगा। इस दौरान हमें कुछ ऐसे काग़ज़ का उत्पादन करना है जो कि बाज़ार में ग्राहकों को संतुष्टि प्रदान कर पाएं और कुछ ऐसा दे पाएं जो अन्य उत्पादों से नहीं प्राप्त हो रहा हो। इस दिशा में हम प्रयासरत हैं। हमारी चुनी हुई मशीन अत्यधिक आधुनिक है और कई ऐसे उत्पाद बनाने में सक्षम होगी जो अनेक उपयोगों में इस्तेमाल हो सकें। यह आवश्यक है कि हम एक प्रकार के उत्पादों पर केंद्रित रहें और उच्चतम गुणवत्ता प्रदान करें। हम धीरे-धीरे निष्कर्ष पर पहुँच रहे हैं और मेरी आशा है कि जो उत्पाद PM४ से निकलेगा वह देश में क्रांति लाने में सक्षम होगा।

प्रोजेक्ट टीम को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें से मुख्य है वित्त। सही मात्रा में और सही समय पर जब हम धनराशि प्रदान करने में असमर्थ होते हैं तब विक्रेता हिचकते हैं। यह हमारी कमी रही। हमने जो वित्तीय व्यवस्थाएं कीं वे कार्यान्वित नहीं हो पाईं, जिससे टीम को सही गति नहीं मिली। हमारी वित्त टीम का प्रयत्न रहा कि किसी भी तरह इस स्थिति को नियंत्रण में लाएं। बैंकों के साथ कार्य करने की कोशिशें नाकामयाब रहीं और हमें कुछ कठोर निर्णय लेने पड़े। हमने ऊंची दरों पर व्यवस्था साझी क्योंकि प्रोजेक्ट का समय से पूर्ण होना आवश्यक है। जब हम सही उत्पाद बना कर बाज़ार में उतारेंगे तब स्थिति बदलेगी और निवेशकों का हम पर विश्वास वापस आएगा। इस माह में वित्त स्थिति पर और पकड़ बनाएंगे जिससे प्रोजेक्ट और गति पकड़ पाए, परंतु यह आवश्यक है कि हम पूरे अनुशासन के साथ प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाएं। प्रोजेक्ट की नींव है रोज़मर्रा के कार्यों की जानकारी व समुचित पूर्ति। हमें इस दिशा में सुधार करने की आवश्यकता है। हमारा प्रोजेक्ट बड़ा और पेचीदा है। इसमें कई साझेदार हैं और अनेक कठिन कार्य हैं। अनुशासन और पूर्ण समन्वय से ही पकड़ बढ़ेगी।

श्री मयंक जिंदल ने हमें मैन्युफैक्चरिंग बिज़नेस हेड के पद पर योगदान दिया है। श्री जिंदल अनेक उच्च स्तरीय संस्थाओं से अनुभव ले कर आ रहे हैं और हमें अपने कार्यों को सुव्यवस्थित करने व गति प्रदान करने में सही नेतृत्व प्राप्त होगा। मेरा पूरा भरोसा है कि हमें सही नेता प्राप्त हुए हैं और हम प्रगति-पथ पर आगे बढ़ेंगे। मेरी आशा है कि अगले कुछ महीनों में मेरा अधिकांश समय नए उत्पादों को प्रस्तुत करने व निवेश की दिशा में केंद्रित होगा और व्यापार की बागडोर मैं मयंक जी को सौंप पाऊंगा।

IPPTA की टीम के साथ फ़िनलैंड भ्रमण का अवसर प्राप्त हुआ और अनेक सीखें मिलीं। फ़िनलैंड एक अत्यंत विकसित देश है और काग़ज़ उत्पादन का गढ़ भी। हमें अनेक कंपनियों से प्रेरणा प्राप्त हुई और कई सहयोग की संभावनाएं उभरीं। हमें रसायन उद्योग केमीरा के R&D सेंटर का भ्रमण कराया गया और उनकी सोच और निवेश ने हमें प्रेरित किया। इसी तरह ABB के उत्पादन क्षेत्रों को देख कर अनेक सीखें प्राप्त हुईं। हमें लगातार औरों से सीखते रहना है और प्रयोग कर आगे बढ़ना है।

फ्लेक्सिबल पैकेजिंग में हम विश्व स्तरीय कंपनियों के साथ कार्य कर रहे हैं और हमें लंदन में एलेन मैकार्थर फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम का हिस्सा होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस कार्यशाला का उद्देश्य था काग़ज़ द्वारा फ्लेक्सिबल पैकेजिंग क्षेत्र में परिवर्तन लाना और इसके द्वारा हमारी मुलाक़ात अनेक प्रगतिशील बड़े उद्योगों से हो पाई। हमारा प्रयत्न रहेगा कि इन संबंधों को और प्रगाढ़ करें और साथ मिल कर परिवर्तन लाने में सक्षम हों।

यह एक चुनौतीपूर्ण समय है और मेरा पूरा भरोसा है कि हम एकजुट हो कर कार्य करेंगे और इन परिस्थितियों में बदलाव लाएंगे। यह समय हमारी नींव को और मज़बूत करेगा जिससे हम अपनी धरती को स्वच्छ छोड़ने के उद्देश्य को साकार करने में सफल होंगे।

मैं आप सभी का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूँ कि आप अपने-अपने कार्यों में लगातार उत्कृष्टता प्राप्त कर रहे हैं।

शुभकामनाओं सहित,
आपका,
वेद

0 0 votes
Article Rating
guest

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Back to top button
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x