
प्रिय साथियों,
नव वर्ष का समय मेरे लिए गहन चिंतन और संभावनाओं के प्रति सोच लेकर आता है। हम सब एक सफ़र में साथ चल रहे हैं। आप सब इस यात्रा में अपना योगदान प्रदान कर रहे हैं और मेरा दायित्व है कि अपनी समझ बढ़ाता जाऊँ जिससे कि हम सही राह पर बढ़ते रहें।
जीवन में चुनौतियाँ आवश्यक हैं। वे हमें सोचने और समझने पर मजबूर करती हैं। गत वर्ष कई ऐसे पहलू लेकर आया जिससे हमें अपनी दिशा में परिवर्तन की ओर
राह दिखाई। मेरा यह मानना है कि अपने आस-पास जो भी व्यतीत हो रहा है वह किसी कारणवश हो रहा है और कायनात लगातार हमें अपने गंतव्य की ओर ले जा रही है। चुनौतियाँ हमें और सक्षम बनाने के लिए प्रतीत होती हैं और हमें उनको आत्मसात कर आगे बढ़ते रहना है। हर पल हमें सिखा रहा है और सक्षम बना रहा है। जो कुछ हमारे आस-पास हो रहा है उस पर ध्यान देना है और दिशा उसी हिसाब से निर्धारित करनी है।
पिछले वर्ष से कुछ सीख मिली है और इस वर्ष उन पर अमल कर बदलाव लाएँगे:
१) हमें अपनी ताकतों के आधार पर कार्य करना है: पिछले ४० सालों में हमने बगास के इस्तेमाल पर समझ पाई है और यह हमारी मूल उपलब्धि है। हमें इसको आधार बनाकर बढ़ना है। ऐसे ही मेरी ख़ासियत है परिकल्पना, योजना और गठबंधन, मुझे इसके आधार पर नेतृत्व करना है और क्रियान्वयन के लिए सही साथी चुनते जाना है।
२) चादर के फैलाव को क्षमता अनुसार रखना है: हमारे सपने बढ़े हैं परंतु योग्यता धीरे-धीरे बढ़ती है। कई बार फैलाव को संगठित करने की आवश्यकता होती है जिससे कि हम अनेक दिशाओं में होते हुए रिसाव को सीमित कर पाएँ और फिर से ताक़त जुटा पाएँ। ये सभी अनुभव हमें सिखाते हैं और सक्षम बनाते हैं।
३) अपनी टीम पर लगातार निवेश करना है: अपनी सबसे बड़ी शक्ति है आप सब का होना। हमें लगातार आपकी क्षमता बढ़ाने पर कार्य करना है और आपको और सक्षम बनाने पर निवेश करना है। अपनों ने एक अलग पहचान बनाई है और जब हम नेतृत्व के लिए बाहर से लीडर्स खोजते हैं तब इस सोच को ठेस पहुँचती है। हमें अपनी टीम को और ताक़तवर बनाकर आंतरिक नेतृत्व को और मज़बूत बनाना है।
४) वित्तीय अनुशासन को और ताक़तवर बनाना है: किसी भी व्यवसाय का आंकलन वित्तीय प्रदर्शन के आधार पर होता है। हमें अपने कार्यों को ऐसी दिशा देनी है जिससे हमारा प्रदर्शन और उत्तम हो पाए। इस कार्य से हमारे निवेशकों को हमारे पर और भरोसा आएगा और वे निवेश द्वारा हमें और सामग्री प्रदान करेंगे जिसके आधार पर हम अपने सपनों की ओर कार्य करने पर ध्यान दे सकते हैं।
५) इनोवेशन और प्रोडक्ट डेवलपमेंट को और सक्षम बनाना है: हम अपने ग्राहकों को कितनी गति और उत्कृष्टता वाले उत्पाद प्रदान करते हैं यह हमारी सफलता निर्धारित करेगा। हमें इस दिशा में सही निवेश करना होगा और ध्यान देना होगा। अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने का सबसे आवश्यक पहलू यह होगा और यही हमें औरों से भिन्न बनाता है। इस दिशा में अनेक सुधारों की आवश्यकता है और प्रारूप बदलकर अपने को पुनः स्थापित करना होगा।
आने वाले वर्ष में हम सब को इन दिशाओं पर कार्य करना है जिससे कि हम और ताकतवर बन पाएँ और धरती की स्वच्छता की ओर योगदान में सफल हों।
शुभकामनाओं सहित,
आपका,
वेद