Site icon पैका मैत्री

विश्वास की राह पर जागृति

प्रिय साथियों,

कायनात हमें चुनौतियाँ प्रदान करती है ताकि हम सीख पाएं और अपने गंतव्य की ओर बढ़ने में और सक्षम बन पाएं।

ऐसी ही चुनौती जागृति प्रोजेक्ट में वित्त समस्या ने उत्पन्न की। ऐसे समय में हम अडिग रहे और विश्वास के साथ समस्या का समाधान तलाशा। हमारी वित्त टीम ने हिमांशु जी के नेतृत्व में एक अलग ही ढाँचा बनाया जिससे हमें निवेश की प्राप्ति होगी और हम आने वाले समय के लिए और सक्षम भी बन पाएंगे। जो ढाँचा बनाया उससे हम अपनी शेयरहोल्डिंग में इज़ाफ़ा करने में सक्षम होंगे और हमारी धनपूर्ति भी बेहतर हो पाएगी। इसके अलावा हमारे कार्य करने की गति को भी बढ़ावा मिलेगा जिससे हम प्रोजेक्ट को तेज़ी से आगे बढ़ा पाएंगे।

इस माह हमारी वित्त टीम ने इस दिशा में पूरी शक्ति लगा दी। नीतिका, सचिन और लोकेश ने एक-एक दस्तावेज़ का पूरा ब्योरा किया और ठान लिया कि किसी भी वाक्य को समझे बग़ैर हस्ताक्षर नहीं किए जाएंगे। इस श्रद्धा भाव के कारण हमने कई सारे ख़तरों को संभाला और पूरी समझ के साथ क़दम उठाए।

जून के माह से स्थिति बदलेगी और हम अपने प्रोजेक्ट को गति प्रदान कर पाएंगे। हमें पूरी तरह केंद्रित होना होगा कि हम जल्दी से जल्दी PM४ को चालू कर अच्छे उत्पाद बाज़ार में उतारें जिससे कि हम फ्लेक्सिबल पैकेजिंग को परिवर्तित करने में सक्षम हो पाएं।

प्रोडक्ट डेवलपमेंट की दिशा में हमने कार्य की गति बढ़ा दी है। अब सुधीर पूर्णतः इस कार्य में समय देंगे जिससे कि हम नई पेपर मशीन से शुरू से ही सही गुणवत्ता प्रदान करें। हम आने वाले माह में अच्छी पायलट मशीनों पर अपने पल्प से ट्रायल्स की योजना बनाएंगे जिससे कि हम मशीन की शुरुआत से पहले ही जान पाएं कि गुणवत्ता कैसी होगी और बाज़ार बनाने के कार्य में उतर पाएं। इसी के साथ सुंदर अपने कोटिंग के ट्रायल्स में कार्यरत हैं और हमें विश्वास है कि सही उत्पाद इस माह अपने रूप में सामने आएगा। हमारा प्रयास है कि काग़ज़ के माध्यम से कम से कम कुछ उपयोगों में परिवर्तन ला पाएं।

इनोवेशन टीम को बेंगलुरु से अयोध्या स्थानांतरित करने का कार्य जारी है और अगले माह तक हमें सुनिश्चित करना है कि हम सभी उपकरण लाकर टीम को व्यवस्था दें जिससे वह और प्रगति कर पाए।

फ़ूड सर्विसेज डिवीज़न में हम कई परिवर्तन कर रहे हैं। यहाँ प्रगति अति आवश्यक है जिससे कि हम पूरे व्यापार को सहारा दे पाएं और लाभ की स्थिति में आएं। इस कार्य के लिए कुछ सकारात्मक क़दम उठाने होंगे। हमें अपनी फैक्ट्री को बदलकर आधुनिक तकनीक पर ले जाना होगा और अपनी लागत पर नियंत्रण लाना होगा। इस दिशा में प्रयास जारी है। हमारा विश्वास है कि विश्व भर में इस दिशा में हम सर्वोच्च कार्य कर सकते हैं और आने वाले समय में यह बदलाव सामने उभरकर आएगा।

इस समय पूरी श्रद्धा से हम सभी को अपने कार्य में योगदान देने की आवश्यकता है जिससे कि हम परिस्थितियों का सामना कर पाएं और आगे प्रगति पथ पर बढ़ते रहें। मुझे विश्वास है कि आप सब लगातार हम सबका साथ देते रहेंगे और मार्गदर्शन भी प्रदान करेंगे।

शुभकामनाओं सहित,
आपका,
वेद

Exit mobile version