प्रिय साथियों,
गौतम जी ने इस स्वतंत्रता दिवस पर एक आवश्यक कथन किया। उन्होंने हमें याद दिलाया कि हम संस्थान नहीं चला रहे, हम क्रांति पथ पर हैं और संस्थान को सही स्वरूप प्रदान करना उस कार्य का एक आंतरिक हिस्सा है।
किसी भी बदलाव के लिए स्थिति की गंभीरता को गहराई में समझना आवश्यक है। श्रेष्ठा और तनुजा के प्रयास से अब सभी पैका सदस्य कचरे के ब्योरे के लिए जाएंगे और उससे उत्पन्न हुई हानि को और समझेंगे। यह कार्य हर साथी के लिए आवश्यक है और अगले चार माह में इसे पूरा करना है। चार माह के उपरांत मासिक इंसेंटिव के लिए इस कार्य को पूरा करना होगा। २०२६ के अंत तक हम सबको अपनी संवेदनाओं पर और कार्य करना होगा जिससे हम सही मायने में क्रांतिकारी बन पाएंगे।
पहले ब्योरे में मुझे भी जाने का मौक़ा प्राप्त हुआ और हम कैसे जनजीवन को हानि पहुँचा रहे हैं इसका आभास प्राप्त हुआ। देखने को मिला कि कचरे के ढेर पर अनेक जानवरों को खाद्य पदार्थ समझकर प्लास्टिक खाना पड़ रहा है। जल निकासी के मार्ग कैसे रुक गए हैं और इससे बीमारियाँ फैल रही हैं। हमने देखा कि कैसे कुछ लोग रीसाइक्लिंग पर कार्य कर रहे हैं पर यह कितना पेचीदा है।
हमें अपने से बड़ा बनना होगा। नए पदार्थ खोजने होंगे। उत्पादन में विस्तार करना होगा और बाज़ार में फैलाव लाने में सफल होना होगा।
इस कारण हेतु हम अपने ढांचे में बदलाव लाते रहेंगे।
इनोवेशन टीम अयोध्या में स्थित होगी जिससे आपसी तालमेल बेहतर हो पाएगा। हम एक ठोस टीम बनाएंगे जो विश्व भर से टैलेंट को आकर्षित कर पाए और विस्तृत स्तर पर एप्लीकेशन पर कार्य करे। हम दुनिया भर के अनेक वैज्ञानिकों के साथ गठबंधन भी करेंगे। इनोवेशन को कॉस्ट सेंटर की जगह प्रॉफिट सेंटर की तरह चलाएंगे जिससे हम अपने अलावा औरों को भी फायदा पहुँचा सकें। अगले माह अपने मटेरियल साइंस सेंटर का प्लान तैयार हो जाएगा।
प्रोजेक्ट जागृति प्रोडक्शन के कगार पर पहुंच रही है। इस माह हम रिकवरी और PP३ की शुरुआत करेंगे और टीम प्रयासरत है कि अगले माह के अंत तक काग़ज़ की रील तैयार हो। हमारा प्रयास है कि PM४ पर हम उच्चतम फ्लेक्सिबल बेस बनाएं जिसे बैरियर कोटिंग के द्वारा पैकेजिंग में परिवर्तन लाया जा सके। इस कार्य के लिए अनेक प्रयास चल रहे हैं। इस माह यूरोप में पायलट ट्रायल लिए जाएंगे, जिसके माध्यम से हम तय कर पाएंगे कि अपना प्रोडक्ट कैसा होगा। हमारा प्रयत्न रहेगा कि कुछ ऐसा प्रदान किया जाए जिससे पैकेजिंग में बदलाव आए।
फ़ूड सर्विस डिवीज़न भी प्रगति पथ पर है। हमारा प्रयास है कि हम ग्राहकों को पूर्ण सलूशन प्रदान कर पाएं और इस प्रक्रिया में अनेक परिवर्तन लाए जा रहे हैं। प्रोडक्ट रेंज में इज़ाफ़ा किया जाएगा। गठबंधनों द्वारा हम बगास के अलावा अनेक पदार्थों के साथ काम करेंगे। हमारी यह कोशिश भी रहेगी कि हम और स्वतंत्र तरीके से कार्य कर पाएं और विस्तार की गति को बढ़ाएं।
पैका फाउंडेशन के द्वारा हम नींव रख रहे हैं कि आने वाली पीढ़ी और सक्षम हो पाए और आने वाले समय में हमें और भी सक्षम साथी मिल पाएं जो पैका को और आगे ले जाएँ। इसी संबंध में बड़े ज़ोर-शोर से टीम ने एडमिशन मेला लगाया और बहुत से नवयुवकों को आकर्षित किया।
जैसे-जैसे भारत में व्यापार स्थिर हो रहा है, हम अपने वैश्विक विस्तार पर वापस ध्यान दे रहे हैं। कई सारी संभावनाएं हमारे समक्ष आ रही हैं और हम इन्हें दिशा देते रहेंगे।
पिछले क्वार्टर हमने रेवन्यू का नया रिकॉर्ड स्थापित किया, और इस कार्य के लिए आप सभी को बधाई। अब हम लाभ पर और ध्यान देंगे और इसके लिए हम तमाम सिस्टम बना रहे हैं जिससे आपको रोज़ाना स्थिति के बारे में समझ हो और आप बदलाव लाने में सक्षम हो पाएं, जिससे हम साथ मिलकर और अच्छाइयों को छू पाएं।
शुभकामनाओं सहित,
आपका,
वेद

